एसडीएम ने दिवाली की तैयारियों को लेकर ली बैठक, अधिकारियों को दिए सतर्क रहने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में दिवाली को लेकर प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को एसडीएम शशांक गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि उपमंडल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। एसडीएम ने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सख्त निगरानी रखने, निरीक्षण करने और समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने चेताया है कि अवैध पटाखों की बिक्री, मिलावटी मिठाई, एलपीजी की ब्लैक मार्केटिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस विभाग को अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और वितरण पर सघन निगरानी रखने और किसी भी उल्लंघन की स्थिति में तुरंत जब्ती और कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निरीक्षक को यह भी कहा गया है कि एलपीजी सिलिंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, 100 किलोग्राम से अधिक भंडारण और अन्य अनाधिकृत कंपनियों से आने वाले गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग मिठाई विक्रेताओं और खाद्य दुकानदारों का निरीक्षण करेगा। मिलावटी मिठाई या खराब गुणवत्ता की सामग्री बेचने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाजारों में स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद ठियोग को दुकानदारों और नागरिकों में अग्नि सुरक्षा, खाद्य स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिवाली के बाद सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग को आग से बचाव को लेकर स्वयंसेवियों को तैयार रखने और जनता से सूखी घास का भंडारण सुरक्षित दूरी पर करने का आह्वान किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 से 20 अक्तूबर तक विशेष अस्थायी लाइसेंस के तहत पटाखों की बिक्री की अनुमति दी जाएगी। दिवाली के दौरान आलू मैदान ठियोग, संधू, मतियाना, सैंज, छैला, फागू, भेखल्टी, चियोग, देहा और सरोग में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर केवल अधिकृत और लाइसेंस वाले विक्रेता ही पटाखे बेच सकेंगे। उन्होंने कहा कि कम शोर, कम धुआं, सुरक्षित और स्वच्छ दिवाली हर नागरिक की जिम्मेदारी है।