एसडीएम गुरमीत नेगी ने जनगणना गतिविधियों से अधिकारियों को करवाया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
जुब्बल। जनगणना-2027 के तहत चल रही विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा के लिए उप महानिदेशक, जनगणना, बिस्वजीत दास और निदेशक, जनगणना संचालन, हिमाचल प्रदेश, दीपशिखा ने जुब्बल उपमंडल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस, हाटकोटी में एसडीएम गुरमीत नेगी सहित अन्य अधिकारियों के साथ जनगणना से संबंधित तैयारियों और गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। एसडीएम गुरमीत नेगी ने अधिकारियों को बताया कि जुब्बल उपमंडल के अंतर्गत कुल 191 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इन ब्लॉकों में जनगणना संबंधी कार्यों के लिए 79 जनगणना अधिकारी और 13 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में चल रही तैयारियों और अब तक हुई प्रगति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवाया। इसके बाद उप महानिदेशक, जनगणना, बिस्वजीत दास ने सरस्वतीनगर स्थित जनगणना ब्लॉक का दौरा कर मौके पर जनगणना गतिविधियों का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जनगणना से जुड़ा कार्य महत्वपूर्ण एवं व्यापक स्तर का है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, तहसीलदार जुब्बल करणवीर सिंह, नायब तहसीलदार सरस्वतीनगर दिनेश शर्मा, सचिव नगर पंचायत जुब्बल पीयूष चौहान सहित जनगणना अधिकारी और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।