एसडी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यातिथि क
एसडी पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ ने मनाया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। एसडी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल रिकांगपिओ ने सोमवार को 21वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बचत भवन रिकांगपिओ में मनाया। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शुदारंग पंचायत के प्रधान कुलवंत नेगी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन की ओर से चैन कुमारी ने पारंपरिक किन्नौरी टोपी, माला और स्मृति चिह्न भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने कक्षा छठी को बेस्ट क्लास का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आदित्य को बेस्ट हाउस लीडर और कक्षा छठी के कल्पित कुमार को बेस्ट मॉनिटर के खिताब से सम्मानित किया गया। नेहरू हाउस को बेस्ट हाउस ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीतिका पंकज ने सभी के समक्ष वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर वाहवाही बटोरी। बच्चों ने बॉलीवुड, कश्मीरी, राजस्थानी, पंजाबी, तमिल, गढ़वाली, नेपाली और किन्नौरी नृत्यों के साथ लेजी डांस, सोलो डांस, गायन और नाटक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि कुलवंत नेगी ने पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के सुचारु संचालन में सहयोग के उद्देश्य से स्कूल को 40,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इस मौके पर पंचायत समिति कल्पा के उपाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी, पांगी पंचायत के उपप्रधान भरत लाल, शुदारंग के वार्ड सदस्य प्रेम लाल नेगी, इंटक किन्नौर के कोषाध्यक्ष राज कृष्ण नेगी, इंटक किन्नौर के सदस्य रोहित नेगी और स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्षा सोनिका नेगी उपस्थित रही।