. रामपुर विस में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन पाए गए सही
. अब 14, 15 को होगी नामांकन वापसी, आवंटित होंगे चुनाव चिह्न
. जिला परिषद के लिए 16, पंचायत समिति के 111, पंचायतों के 1,096 उम्मीदवार मैदान में
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पंचायतीराज चुनावों का मंच अब पूरी तरह से सज चुका है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के साथ मतदाताओं में भी खासा उत्साह है। मंगलवार को चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। जिला परिषद और पंचायत समिति की छंटनी पूरी हो गई है, जबकि पंचायत प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों के नामांकन पत्रों की जांच जारी है। रामपुर विधान सभा क्षेत्र अब पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है। शहर से लेकर गांव तक चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रत्याशियों के नामांकन भरने के बाद अब पंचायत स्तर पर वोट गठजोड़ की राजनीति गरमा गई है। प्रत्याशी अब अपने प्रतिद्वंद्वियाें को शिकस्त देने के लिए कमर कस चुके हैं। मंगलवार को चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच की गई। जिला परिषद के चार वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे 16 प्रत्याशियों के नामांकन जांच में सही पाए गए। इसके अलावा रामपुर और ननखड़ी विकास खंड की 57 पंचायतों से पंचायत समिति के चुनाव लड़ रहे 111 उम्मीदवारों के दस्तावेज भी जांचे गए, जो सही पाए गए। हालांकि, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य के चुनाव लड़ रहे 1,096 उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच चल रही है। उपमंडल रामपुर की बात करें, तो रामपुर विकास खंड की 39 पंचायतों में प्रधान पद के लिए 173, उप प्रधान के लिए 160 और वार्ड सदस्यों के लिए 464 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, विकास खंड ननखड़ी की 18 पंचायतों से प्रधान पद के लिए 82, उप प्रधान के 62 और वार्ड सदस्यों के 155 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद अब 14 और 15 मई को नामांकन वापसी होगी। नामांकन वापसी के अंतिम दिन 3:00 बजे के बाद चुनाव प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव को लेकर दस्तावेजों की जांच पूरी हो गई है। अब 14 और 15 मई को नामांकन वापसी और प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न वितरित होंगे। उधर, एसपीआई रामपुर आगर दास ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच जारी है।