सराहर का स्कूल भवन खस्ताहाल, छत से टपक रहा पानी
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। पांच दशक पुरानी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहर का स्कूल भवन खस्ता हालत है। हालत यह है कि स्कूल के बने सभी कमरों में जगह-जगह से पानी टपकता है। लकड़ी से बना बरामदा भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए चोटिल होने का खतरा बना रहता है। समस्या को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष करतार सिंह ने नित्थर में आयोजित जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के समक्ष यह मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा कि सराहर स्कूल भवन पांच दशक पूर्व का बना है जबकि अभी तक भूमि को स्कूल के नाम स्थानांतरित तक नहीं किया जा सका है। स्कूल से फाइलें विभागों को भेजी जाती हैं जबकि फाइलें सरकारी कार्यालयों में धूल फांकती रहती है। भूमि स्कूल के नाम नहीं होने से स्कूल भवन के लिए आने वाला बजट वापस हो जाता है। इसके चलते स्कूल का न ही नया भवन बन पा रहा है और न ही मरम्मत कार्य हो पाता है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से जनमंच के माध्यम से सराहर स्कूल भवन की भूमि स्कूल के नाम करने और स्कूल को सुरक्षित करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि स्कूल स्थानंतरन की फाइल एसडीएम कार्यालय भेजी जा चुकी है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने विभाग के अधिकारियों को इस समस्या के जल्द समाधान के निर्देश जारी किए हैं।