रामपुर, कुल्लू और किन्नौर के देवी-देवता रथ यात्रा में हुए शामिल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। सराहन में चार दिवसीय जिला स्तरीय दशहरा मेला वीरवार को भगवान रघुनाथ की भव्य रथयात्रा के साथ शुरू हो गया। रामपुर, कुल्लू और किन्नौर से करीब 18 देवी-देवता रथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान सैकड़ों लोग जयघोष के साथ रथ को मंचखंडी तक खींचकर लाए।माता भीमाकाली मंदिर पूजा कमेटी और न्यास के सदस्यों ने सभी देवी-देवताओं का मंदिर के प्रांगण में भव्य स्वागत किया। भगवान रघुनाथ के रथ को खूब सजाकर तैयार किया गया है। रथ को खींचने के लिए दो घोड़े लगाए गए हैं। इन घोड़ों को सोने और चांदी के आभूषण पहनाए गए हैं। रथयात्रा में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन बजाने के लिए बजंतरी भी शामिल हुए। भगवान रघुनाथ को माता भीमाकाली मंदिर परिसर में स्थित उनके मंदिर से पालकी में बैठाकर रथ तक ले जाया गया। इस दौरान जय सिया राम, जयश्री राम के जयघोष भी लगे। पालकी के साथ पुलिस के जवान भी तैनात रहे। रथ में बैठने के बाद रघुनाथ की आरती की गई। इसके बाद रघुनाथ की रथयात्रा राजा के दरबार के सामने मंचखंडी तक लाई गई। मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह और मंदिर अधिकारी बीआर नेगी सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी भी रथयात्रा में शामिल हुए। रघुनाथ तीन दिनों तक जहां रहेंगे, वहां तीन दिनों तक मेले में नाटी का दौर चलेगा। 5 अक्तूबर तक सराहन में दशहरा मेला सजेगा। देवता बौंडा नाग और देवता निन्सू धराली मंचखंडी के बाहर भगवान रघुनाथ के साथ पुलिस बल भी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। नायब तहसीलदार सराहन प्रेम नेगी ने बताया कि दशहरा मेले में रामपुर, कुल्लू और किन्नौर के 18 देवी-देवता शामिल हुए हैं। रथ यात्रा में भी पिछले साल की अपेक्षा ज्यादा लोग शामिल हुए। सभी देवी-देवता और देवलुओं को रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। सभी देवी-देवताओं के साथ मेले में सुरक्षा व्यवस्था भी पर्याप्त की गई है।
सराहन में भगवान रघुनाथ की रथयात्रा के साथ दशहरा मेला हुआ शुरू। संवाद
सराहन में भगवान रघुनाथ की रथयात्रा के साथ दशहरा मेला हुआ शुरू। संवाद