रोहड़ू। संजीवनी सहारा समिति रोहड़ू ने सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए छोहारा क्षेत्र के दो जरूरतमंद व्यक्तियों को उपचार के लिए कुल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। समिति की ओर से भेतियानी पंचायत के एक व्यक्ति को किडनी के उपचार के लिए पांच हजार रुपये, जबकि करासा पंचायत के एक व्यक्ति को स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए पांच हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। संजीवनी सहारा समिति पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। समिति के करीब 200 सदस्य आपसी सहयोग से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं। समिति के अध्यक्ष गोपाल चौहान ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को मजबूत करना समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी।