रामपुर की सनारसा पंचायत भवन निर्माण को लेकर भूमि पूजन करते जन प्रतिनिधी। संवाद
पंचायत प्रधान ने निर्माण स्थल पर भूमि पूजन कर किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड की सनारसा पंचायत के भवन के निर्माण के लिए 1.17 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। सनारसा पंचायत को पिछले चुनाव में नई पंचायत का दर्जा मिला था। वर्तमान में पंचायत महिला मंडल भवन में चल रही है। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग ने पंचायत भवन के निर्माण के लिए राशि स्वीकृति कर टेंडर अवार्ड कर दिया है। अब सनारसा पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द पंचायत भवन की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। पंचायत प्रधान मस्त राम चौहान और पंचायत सदस्यों ने रतनपुर के साथ नेशनल हाईवे के पास सरकारी जमीन को पंचायत के नाम कर भूमि पूजन कर दिया है। उन्होंने बताया कि पंचायत का अपना भवन बनने से पंचायत क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। पंचायत भवन के नेशनल हाइवे के किनारे बनने से यहां पंचायत व्यावसायिक के मकसद से निर्माण कर पंचायत को निधि राजस्व कमाने का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में पंचायत आर्थिक रूप से सुदृढ़ होगी। पंचायत राज विभाग रामपुर के सहायक अभियंता विपिन भलूनी ने कहा कि सनारसा पंचायत भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार को कार्य शिमला कार्यालय से अवार्ड कर दिया गया है। इसमें दो मंजिला पंचायत भवन में मीटिंग हॉल, पंचायत प्रधान, सचिव का कार्यालय, कमान सर्विस सेंटर बनाया जाएगा। दूसरी मंजिल में ग्राम सभा हॉल, लाइब्रेरी और शौचालय बनाए जाएंगे।