ठियोग (रामपुर बुशहर)। भाजपा मंडल ठियोग ने रविवार को ग्राम केंद्र बासा ठियोग में कारगिल विजय दिवस पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर वीरों के बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले वीर सैनिकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के सामूहिक श्रवण से हुआ। इसके बाद कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 15 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। इनमें विशेष रूप से 5 ऐसे वीर सैनिक शामिल थे, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेकर मातृभूमि की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान दिया था। भाजपा मंडल ने भूतपूर्व सैनिकों को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके अद्वितीय साहस, वीरता एवं राष्ट्र सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग, समर्पण और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। भाजपा नेता अजय श्याम ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत के उन वीर जवानों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का स्मरण करने का दिन है। वहीं भाजपा मंडल ने एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, कमलजीत सूद, अरुण फाल्टा, दुनी चंद कश्यप, रमेश खाची, रमेश हेटा, रामकृष्ण मदराड़ी, अश्वनी बक्शी, केदार सिंह वर्मा, हेमचंद कंवर, केसर वर्मा, सुनील, संदीप वर्मा, रमेश विश्वा, देवकी वर्मा, रणदीप, साध राम, अमर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।