विजेता टीम को 1.20 लाख और ट्रॉफी से किया जाएगा सम्मानित
रामपुर बुशहर। वाईएफसी नागाधार की ओर से 1 फरवरी से ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई जा रही है। विजेता टीम को 1.20 लाख रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर अध्यक्ष अजय नलवा की अध्यक्षता में बैठक हुई और आगामी रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण स्तर पर खेली जाएगी। प्रतियोगिता में 48 टीमें भाग लेंगी। उपविजेता टीम को 55 हजार और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहने वाले खिलाड़ी को 51,00 रुपये की राशि, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज को 2100 रुपये की राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय अंकित मेहता की याद में आयोजित की जा रही है। नीतीश ठाकुर, रोबिन ठाकुर और प्रशांत नलवा सहित अन्य युवाओं ने कहा कि नशा छोड़ो-खेल खेलो के मकसद से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का आकर्षक इनामों से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया है कि खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लें और नशामुक्त समाज निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।