फाइनल में हमीरपुर की खिलाड़ी को 3-0 से हराया
. झारखंड में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। रूपी पंचायत की होनहार खिलाड़ी दीया बिष्ट ने राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 60 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में दीया ने हमीरपुर वुशु अकादमी की खिलाड़ी को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने झारखंड में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की वुशु प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। दीया बिष्ट के शानदार प्रदर्शन से रूपी पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि पर ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और परिजनों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी है। फाइनल मुकाबले में दीया ने बेहतरीन खेल कौशल और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उनकी इस सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को अहम माना जा रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि दीया राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उनकी उपलब्धि पर परिजनों और विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ के योगदान की भी सराहना की गई। क्षेत्रवासियों ने दीया को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।