. आरक्षण ने बदले चुनावी समीकरण, कई दावेदारों को झटका तो कई के खिले चेहरे
महिला आरक्षित वार्डों में मुकाबला रोचक होने के आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। नगर परिषद ठियोग के चुनाव को लेकर वार्ड रोस्टर जारी कर दिया गया है। साथ ही स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कुल सात वार्डों में जारी रोस्टर के अनुसार वार्ड नंबर 1 और 6 को सामान्य (ओपन) श्रेणी में रखा गया है। वार्ड नंबर 2, 4, 5 और 7 को महिला आरक्षित घोषित किया गया है, जबकि वार्ड नंबर-3 अनुसूचित जाति पुरुष के लिए आरक्षित किया गया है। रोस्टर जारी होते ही चुनावी समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आ रहे हैं। कई ऐसे संभावित उम्मीदवार, जो लंबे समय से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे थे। आरक्षण की वजह से अब मैदान से बाहर हो गए हैं, जिससे उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। दूसरी ओर आरक्षण के चलते नए चेहरों के लिए अवसर खुलने से कई संभावित प्रत्याशियों के चेहरे खिल उठे हैं। स्थानीय स्तर पर अब राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। विभिन्न दलों और संभावित उम्मीदवारों की ओर से नए सिरे से रणनीति बनाई जा रही है। खासतौर पर महिला आरक्षित वार्डों में मुकाबला रोचक होने के आसार हैं, जहां कई नए चेहरे अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बदले हुए रोस्टर के बीच कौन-कौन उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं और किस तरह से चुनावी समीकरण आकार लेते हैं। आने वाले दिनों में नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां और तेज होने की पूरी संभावना है।