प्रशासन ने स्थान किए चिह्नित, परमिशन लेने के बाद ही लगा सकेंगे स्टॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहडू)। चौपाल और नेरवा में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। प्रशासन ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए दिवाली के दृष्टिगत पटाखों की बिक्री अधिसूचित स्थानों को छोड़कर अन्य स्थानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा ने कहा कि चौपाल में तहसील मैदान और नेरवा में पुराना कॉलेज मैदान को पटाखे बेचने के लिए चिह्नित किया गया है। किसी भी घटना से बचने के लिए उस स्थान पर खड़े सभी वाहनों को हटा दिया जाना आवश्यक है। सभी चिह्नित स्थानों पर प्रशासन से परमिशन लेने के बाद ही स्टॉल स्थापित किए जा सकेंगे। इस दिवाली रात 8:00 बजे से 10:00 तक ही पटाखे चलाए जा सकते हैं। इस दौरान सिर्फ ग्रीन पटाखे का ही प्रयोग किया जाएगा और अन्य किसी भी प्रकार के पटाखे की बिक्री, उत्पादन और भंडारण प्रतिबंधित किया गया है।