काफनू में मकान पर पहाड़ी से गिरी चट्टानें
भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले के काफनू में बुधवार देर सायं कृष्ण लाल के मकान पर पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं। इस दौरान परिवार ने भाग के जान बचाई और रिश्तेदार के पास रात गुजारी।
पहाड़ी दरकने से मकान को काफी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि जानी नुकसान नहीं हुआ। काफनू बांध के ऊपरी तरफ से कृष्ण लाल के मकान में बुधवार देर सांय पहाड़ी से चट्टानें गिरने से मकान का पिछली तरफ का एक कमरा तहस-नहस हो गया। साथ ही मकान में दरारें भी आ गईं। जिस समय पहाड़ी से चट्टानें गिरीं उस समय कृष्ण लाल की पत्नी राधा घर पर थी। वह पहाड़ी से चट्टानों के खिसकने की आवाज सुनकर घर से बाहर निकली।
बाद में उन्होंने पूरी रात परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गुजारी। काफनू पंचायत के उपप्रधान शंकर भगत नेगी ने इसकी सूचना प्रशासन की दी। सूचना मिलने के बाद एसडीएम विमला वर्मा ने तहसीलदार नानक राम नेगी सहित मौके का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से 10 हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को पहाड़ी में जिस जगह से चट्टानें गिरी हैं, वहां का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि यदि उक्त पहाड़ी से ओर चट्टानें गिरने का खतरा हो तो तुरंत कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में नुकसान न हो। इस मौके पर किन्नौर जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस, नायब तहसीलदार नानक राम नेगी, उप प्रधान ग्राम पंचायत काफनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद