आनी (कुल्लू)।
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते आनी क्षेत्र की प्रमुख सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ विद्यार्थियों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की सभी बसें सोमवार को स्थगित रहीं, जबकि निजी वाहन भी अधिकतर मार्गों पर आवाजाही में असमर्थ हैं। इसका सीधा असर मंगलवार को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षाओं पर पड़ेगा। आनी क्षेत्र के दुर्गम गांवों के विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों तक समय पर नहीं पहुंच पाएंगे। कन्या विद्यालय आनी के एसएमसी अध्यक्ष चमन शर्मा ने शिक्षा विभाग से वैकल्पिक समाधान की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि या तो परीक्षा की तिथि को आगे बढ़ाया जाए या ऐसे प्रभावित विद्यार्थियों के लिए अलग से कोई व्यवस्था की जाए, जिससे उन्हें परीक्षा देने का उचित अवसर मिल सके।