डंसा (रामपुर बुशहर)। विश्व बैंक की ओर से प्रायोजित लालसा-बाहलीधार सड़क का सफल ट्रायल होने के बाद मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पास हो गया है। हजारों ग्रामीणों को इससे लाभ मिलेगा। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने वीरवार को सड़क का सफल ट्रायल किया। सड़क पर बस चलने से ग्रामीणों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। उपमंडल में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण लालसा-बाहलीधार वाया शांदल सड़क अब वाहनों की आवाजाही के लिए पास हो गई है। वीरवार को एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्रामीणों ने बस को दुल्हन की तरह सजा रखा था। करीब साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनी 10.12 किलोमीटर सड़क से छह पंचायतों कूहल, देवठी, लालसा, डंसा, शिंगला और रचोली की हजारों की आबादी लाभान्वित होगी। वहीं, 12/20 वैली स्थित माता श्राईकोटी मंदिर में हाजिरी भरने वाले श्रद्धालु भी इस मार्ग से लाभान्वित होंगे। सड़क निर्माण होने से सेब बहुल इस क्षेत्र के हजारों बागवान भी लाभान्वित होंगे। पूर्व में जहां सड़क सुविधा न होने से बागवान परेशान थे, वहीं अब सड़क सुविधा से जुड़ने के बाद किसानों और बागवानों को अपनी नकदी फसल मंडी तक पहुंचाने में अब असुविधा नहीं होगी। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि लालसा बाहलीधार वाया शांदल सड़क का सफल ट्रायल हुआ है। अब मार्ग पर वाहनों की आवाजाही हो सकेगी। मार्ग से उपमंडल के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग रामपुर के एक्सईएन एसके सोबती, एसडीओ चंद्र कश्मीरी, लालसा पंचायत प्रधान राम कुमार, उपप्रधान तुला राम शर्मा, भीमसेन ठाकुर, सितेंद्र मिल्लर सहित अन्य मौजूद रहे।