ठियोग की भराना पंचायत में सड़क निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों ने जताई खुशी। संवाद
गागन घाटी से देवरी-केलटी-मझराना तक पहुंचेगी सड़क
ग्रामीणों ने वन निगम उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल ठियोग की भराना पंचायत के तीन गांवों के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। ग्रामीणों को जल्द सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। गागन घाटी से देवरी-केलटी-मझराना तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क से पंचायत के देवरी, केलटी और मझराना गांव के किसानों-बागवानों को अपनी नकदी फसलें मंडी पहुंचाने में आसानी होगी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर वन निगम उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची का आभार जताया है। सड़क निर्माण शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि खाची के प्रयासों से इस सड़क के लिए बजट का प्रावधान संभव हो पाया और वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) की मंजूरी दिलाने में भी उनका भरपूर सहयोग रहा। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से देवरी, केलटी और मझराना सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी पहले से आसान हो जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केहर सिंह खाची क्षेत्र के विकास और भराना पंचायत के हित में इसी तरह प्रयासरत रहेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की जरूरत थी और इसके बनने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।