यातायात के लिए दोनों सड़कें अवरुद्ध होने से यात्रियों को झेलनी पड़ रहीं परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मौसम के बिगड़े मिजाज के बाद रामपुर के ऊंचे इलाकों में सफेद चांदी बिखर गई है। दो दिनों से रुक-रुक हुई ताजा बर्फबारी से क्षेत्र की दो सड़कों पर बसों की आवाजाही थम गई है। यातायात ठप होने से हजारों ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रामपुर उपमंडल की कंछीण घोड़ी, 15/20 और 12/20 घाटी के ऊंचे इलाकों में शुक्रवार रात को फिर से ताजा बर्फबारी हुई। यहां करीब 9 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया है। वहीं श्राईकोटी माता मंदिर, चतरखंड मंदिर ब्रांदली, सुंगरी, बाहली और ननखड़ी के ऊंचे क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। इससे रामपुर-रोहड़ू मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। रोहड़ू के लिए वाया तकलेच होते हुए चौकानाला में सड़क बाधित है। इसके अलावा ननखड़ी-टिक्कर मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद है। परिवहन निगम रामपुर डिपो के अड्डा प्रभारी स्वरूप ने कहा कि ताजा बर्फबारी से रामपुर-रोहड़ू और ननखड़ी-टिक्कर रूट अवरुद्ध हो गया है। स्थिति सामान्य होते ही बसों को रूटों पर भेजा जाएगा।