रिकांगपिओ में खुले में कचरा फेंकने वालों पर साडा ने कसा शिकंजा, किया चालान। स्रोत : साडा
रिकांगपिओ में चला साडा का डंडा, खुले में फेंका कचरा तो होगा 5 हजार का चालान
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने स्थापित किए 15 कैमरे, सात और लगेंगे
तीसरे दिन नहीं उठ रहा कचरा तो साडा कार्यालय में करें शिकायत : एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (साडा) ने अभियान चलाया है। इसके बावजूद कुछ लोग खुले में कूड़ा-कचरा ठिकाने लगा रहे हैं, जिन पर साडा का डंडा चला है। प्राधिकरण ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से खुले में कचरा फेंकने वाले 10 लोगों को पकड़ा है। इन लोगों से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एसडीएम कल्पा एवं सदस्य सचिव साडा रिकांगपिओ अमित कल्थाईक ने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया है कि यदि कचरा एकत्रित करने वाले कर्मी तीसरे दिन नहीं पहुंचता है, तो इसकी शिकायत साडा कार्यालय में पहुंचकर की जा सकती है। क्षेत्र में अब यदि कोई खुले में कूड़ा-कचरा फेंकते हुए पाया गया, तो उसपर पांच हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। प्राधिकरण के तहत आने वाले संपूर्ण क्षेत्र में खुले में कूड़ा-कचरा फेंकने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके चलते विभिन्न स्थानों पर 15 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जबकि आने वाले समय में सात और स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, ताकि रातदिन के समय खुले में कचरा फेंकने वालों की निगरानी की जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 10 लोगों का प्रति व्यक्ति पांच हजार रुपये का चालान किया गया है। आने वाले समय में भी ऐसा करने वाले लोगों का चालान किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकें। घर-घर कूड़ा एकत्रित करने वाले कर्मचारियों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करके दें। उन्होंने बताया कि जेएसडब्ल्यू की ओर से उन्हें 3500 कूड़ेदान प्राप्त हुए हैं और जल्द ही जिला प्रशासन और विशेष क्षेत्र प्राधिकरण के कर्मचारियों की ओर से क्षेत्र के घरों में गीले-सूखे कचरे के निपटारे के लिए कूड़ेदान वितरित किए जाएंगे। उन्होंने आम जनता से आह्वान किया है कि रिकांगपिओ और इसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जिला प्रशासन का सकारात्मक सहयोग करें।