चौपल में बरसात की तैयारियों पर बैठक में दिशा निर्देश देते अधिकारी
आपदा प्रबंधन को लेकर एसडीएम कार्यालय चौपाल में समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू)। उपमंडलाधिकारी हेमचंद वर्मा की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय चौपाल में अधिकारियों के साथ मानसून की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान उपमंडलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों के अधिकारी अभी से मानसून ऋतु से संबंधित तैयारियां पूर्ण कर लें ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को समय रहते बारिश के जल के प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए नालों की सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान को सभी विभागों के साथ साझा किया जाएगा ताकि समय रहते लोगों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि उपमंडल में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान की जाएगी और उन स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध की जाएगी। उन्होंने राहत और बचाव के लिए होमगार्ड एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर अपने जरूरी सामान की उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए ताकि आपदा के समय उसका प्रयोग किया जा सके। उन्होंने बिजली के खंभों और लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को बरसात के दिनों में साफ पानी मुहैया कराने और नालों एवं भंडारण टैंक आदि की सफाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।