रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी 8 से 17 जून तक किन्नौर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। साथ ही विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। 8 जून को मंत्री रिकांगपिओ में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वे परियोजना सलाहकार समिति की बैठक की भी अध्यक्षता करेंगे। 9 जून को जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक होगी। 10 जून को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण और स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठकें होंगी। ये सभी बैठकें रिकांगपिओ के आईटीडीपी सम्मेलन कक्ष में होंगी। 11 जून को निचार उपमंडल में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसी दिन ग्रांगे में जल शोधन संयंत्र का उद्घाटन भी करेंगे। 12 जून को रिकांगपिओ में किन्नौर कैलाश यात्रा से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 15 जून को मंत्री पूह उपमंडल की हंगरंग घाटी के नाको पर्यटन स्थल पहुंचेंगे। यहां वे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कला मंच का उद्घाटन और साहसिक गतिविधियों का शिलान्यास भी करेंगे। 16 जून को रारंग में लाखंग, पर्यटक सूचना एवं स्वागत केंद्र का उद्घाटन करेंगे। सामुदायिक भवन और पुस्तकालय रारंग का शिलान्यास कर जन समस्याएं सुनेंगे। 17 जून को मंत्री शिमला के लिए वापसी करेंगे।