ठियोग रेस्ट हाउस के पास बेरीगेट लगाकर वाहनों को आवाजाही को नियंत्रित करते पुलिस कर्मी। संवाद
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में रहीघाट और प्रेम घाट के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच के दो किलोमीटर के हिस्से पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके चलते सोमवार को लोक निर्माण विश्राम गृह से शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को अस्थायी तौर पर ठियोग बाईपास की तरफ से भेजा गया। इस बीच सिविल अस्पताल जाने वाले मरीजों के वाहनों, एंबुलेंस को ही जाने की अनुमति दी गई, जबकि स्थानीय पंचायतों की ओर जाने वाले लोगों को बाईपास से जाने की अनुमति दी गई। रविवार को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक कुलदीप राठौर ने सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सड़क के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए और जल्द ही सड़क की टारिंग का कार्य शुरू करने को कहा। डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से व्यवस्था बनाई गई है। अस्पताल जाने वाले और आपातकाल से जुड़े वाहनों को ही छूट दी गई है, जबकि स्थानीय पंचायतों को जाने वाले लोगों को बाईपास से जाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद