सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर की रूतरंग-चांसू सड़क करीब 48 लाख की लागत से चकाचक होगी। साढ़े तीन किलोमीटर मार्ग पर मेटलिंग और टारिंग कार्य होने से हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। किसानों-बागवानों को भी अपनी सेब सहित अन्य नगदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
सालों से सड़क की हालत बदतर हो गई थी। मार्ग पर सफर करना खतरे से खाली नहीं था। मरीजों को हिचकोले खाते हुए अस्पताल पहुंचना पड़ता था। नगदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। इन दिनों सड़क की मेटलिंग और टारिंग का कार्य जोरों पर चल रहा है। सड़क की मरम्मत होते ही ग्रामीणों का सफर सुहाना होगा।
लोक निर्माण विभाग ने जून के अंत तक कार्य को सिरे चढ़ाने का लक्ष्य रखा है। चांसू पंचायत के प्रधान बीरबल लोक्टस, धर्म प्रकाश नेगी, ईश्वर सिंह नेगी, प्रताप नेगी, छवांग नरबू नेगी, राम सागर नेगी, कृष्ण कुमार नेगी और हरीश नेगी आदि ने कहा कि सड़क की हालत खस्ता बनी हुई थी। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ऐसे में अब सड़क की मरम्मत होने से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कार्य शुरू करने पर लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। कहा कि सेब सीजन में बागवानों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
...........................................
बजट का प्रावधान होते ही सड़क का कायाकल्प कार्य शुरू कर दिया है। करीब 48 लाख रुपये की राशि से सड़क की मेटलिंग और टारिंग की जा रही है। जून के अंत तक कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। लोगों को सुहावने सफर का लाभ मिलेगा।
-राकेश नेगी, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग