. मंदिर कमेटी ने देवलुओं को अंडा, चिकन का सेवन न करने का फरमान किया जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नोगवैली के माता मंगला काली और देवता साहिब दोगणू महाराज के करोड़ों की लागत से बने मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान चल रहा है। इसी कड़ी में शलाटी घोड़ी के अधिष्ठाता देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू धार्मिक अनुष्ठान में शरीक होकर शोभा बढ़ाएंगे। मंदिर कमेटी ने देवलुओं को अंडा और चिकन का सेवन न करने का फरमान जारी किया है। मंदिर न्यास कमेटी कुमसू के अध्यक्ष जीवन चौहान ने कहा कि नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू 21 को दोगणू देवता साहिब मंदिर लालसा के लिए रवाना होंगे। देवता को ले जाने और वापस लाने के लिए ग्रामीणों को क्रमवार जिम्मेवारी सौंपी गई है। सुबह 10:00 बजे मंदिर से लालसा के लिए प्रस्थान करेंगे। नवनिर्मित कोठी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ अवसर हम सभी के लिए ऊर्जा, शांति और कल्याण का प्रतीक है। देवता को लालसा पहुंचाने और वापस मंदिर लाने के लिए खूंटे वार जिम्मेवारी दी गई है। कहा कि देवता साहिब का शाम 5:00 बजे तक लालसा मंदिर पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने सभी देवलुओं से आग्रह किया है कि अंडा और चिकन का सेवन न करें।