ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड के देवता लक्ष्मीनारायण और देवता झांगरू मझगांव ने वीरवार को वर्ष फल सुनाया। दोनों देवता 14 जनवरी को स्वर्ग प्रवास पर निकले थे और एक माह बाद वीरवार को अपने मंदिर लौटे। सुबह 4:00 बजे मंदिर के बंद कपाट खोले गए और देवताओं की मूर्ति को विधि-विधान के साथ देवता के गूर ने साफ किया। दोनों देवताओं के 14 जनवरी को देवताओं के स्वर्ग प्रवास जाने के बाद देवताओं की मूर्तियों के ऊपर घी का मोटा लेप लगाया गया था। घी के लेप को हटाकर और साफ-सफाई करने के बाद देवता के गूर रमेश बिट्टू ने मंदिर कमेटी और उपस्थित अन्य लोगों को नया वर्ष फल सुनाया। मंदिर कमेटी के प्रधान जय सिंह मेहता ने बताया देवता के गूर ने बताया कि इस साल ओले, भारी बरसात और आग की घटनाओं का काफी ज्यादा खतरा है। वर्ष में गेहूं, जौ जैसी फसलों की अच्छी पैदावार होंगी और बीमारियों का प्रकोप भी कम रहेगा। देवता ने अपनी घोड़ी के लोगों को बाढ़, बारिश और ओले से सुरक्षा करने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर मोतमीन दुर्गा सिंह, मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष भुवनेश्वर दंगल, सचिव राम सिंह, कारदार अमर सिंह अष्टू और साहिल सहित कई अन्य मौजूद रहे।