रामपुर के सत्यनारायण मंदिर में विश्व हिंदू परिषद ने करवाया सदबुद्धि यज्ञ। संवाद
राम मंदिर में हुई घटना के लिए संत समाज नहीं जरा भी उत्तरदायी : विहिप
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद देशभर में साधु संतों का अपमान किया जा रहा है। हालांकि, इस घटना में साधु संत समाज की कोई भूमिका नहीं रही। समाजवादी नेताओं की ओर से की जा रही टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को रामपुर में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद ने आपत्ति जताते हुए कहा कि राम मंदिर घटना के लिए संत समाज जरा भी उत्तरदायी नहीं है। विश्व हिंदू परिषद जिला रामपुर की ओर से पिछले दिनों समाजवादी नेताओं की ओर से साधुवाद संतों के अपमान के विरोध में सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। रामपुर स्थित सत्यनारायण मंदिर में विश्व हिंदू परिषद ने यह यज्ञ करवाया। इस यज्ञ के माध्यम से हिंदू समाज और संत समाज के पूजनीय संतों ने संसद में हुए प्रकरण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में हुई दुखद घटना के लिए देश का संत समाज रति भर भी उत्तरदायी नहीं है, लेकिन फिर भी विपक्ष के कुछ सांसद, जो आज तक प्रभु राम को काल्पनिक कहते रहे और ये वही लोग थे, जिन्होंने राम भक्तों, गौवंश और संतों पर गोलियां चलाई थीं। आज राजनीति के लिए इन लोगों में भगवान की भक्ति जाग गई है और इस उन्माद में देश के संतों का अपमान कर रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद और संत समाज ने इस घटना का विरोध जताया और इसी निमित्त यह सद्बुद्धि यज्ञ भी करवाया गया। इस मौके पर संत समाज से परम पूज्य श्रीश्री 108 परमहंस श्री जयदेवांग आश्रम, ब्रह्मचारी जी महाराज, विहिप अध्यक्ष सुरेश मेहता, जिला उपाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, जिला मंत्री विष्णु शर्मा, नगर अध्यक्ष पीयूष मेहता, गुलाब नेगी, तिलक राज, उमादत्त भारद्वाज, मनोज अग्रवाल, प्रमोद गोयल, सेवा भारती के प्रशिक्षु मौजूद रहे।