रामपुर बुशहर। एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार पर पत्नी का मंगलसूत्र चुराने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत झाकड़ी थाना में दर्ज करवाई है। किन्नौर जिला के पोवारी गांव निवासी शिव कुमार नेगी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक दिन उनका एक रिश्तेदार झाकड़ी स्थित उनके किराये के कमरे में आया। अगले दिन शिकायतकर्ता की पत्नी काम पर चली गई। रिश्तेदार कमरे में मौजूद था। कुछ दिन बाद जब पत्नी ने कमरे में मंगलसूत्र ढूंढा, तो वह नहीं मिला। मंगलसूत्र का वजन लगभग पांच तोला था और उसकी कीमत करीब चार लाख रुपये के बीच थी। शिकायतकर्ता को पूरा यकीन है कि रिश्तेदार ने ही मंगलसूत्र चुराया है। झाकड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।