ठियोग स्कूल मे होटल ताज कंपनी के अधिकारी स्कूल के बच्चे।
सीएसआर नीति के तहत होटल ताज ने बदला स्कूल का नक्शा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग में जर्जर हालत में चल रहे सरकारी मॉडल स्कूल बाघाघाट का कायाकल्प हो गया है। टाटा समूह की कंपनी के एकमात्र ताज होटल ने बाघाघाट स्कूल को गोद लेकर समाज के लिए प्रेरणादायक पहल की है। होटल्स कंपनी लिमिटेड में एक बड़े ब्रांड ताज होटल ने स्कूल को गोद लेकर बुनियादी ढांचे में सुधार, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवा छात्रों का भविष्य उज्ज्वल बनाने में सहयोग दिया है। कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत कन्या और छात्रों के लिए अलग-अलग शौचालय का निर्माण कर स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास किया है। इसी तरह से जर्जर हालत में जल भंडारण टैंक का नए सिरे से निर्माण किया गया। अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नया वाटर कूलर भी लगाया गया है। इसके अलावा मुख्य सड़क से स्कूल के प्रवेशद्वार तक जाने के लिए एक सुरक्षित मार्ग और सीढि़यों का निर्माण किया गया है। यही नहीं स्कूल परिसर का भी सौंदर्यीकरण किया गया है। ताज होटल के विभिन्न कार्यों से स्कूल में पढ़ रहे बच्चे काफी खुश हैं। ताज होटल रिजॉर्ट एंड स्पा के जनरल मैनेजर संकेत चुघ का कहना है कि ताज ठियोग अपने मिशन के तहत स्थानीय समुदायों के उत्थान के लिए काम कर रहा है। स्कूल में आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने में होटल की इंजीनियरिंग और मानव संसाधन टीमों ने दो महीने की लंबी परियोजना के दौरान तकनीकी सहायता प्रदान करके एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाघाघाट स्कूल में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा सोनाक्षी, दीक्षित, सातवीं के निखिल और तीसरी कक्षा के छात्र अंशुल का कहना है कि रास्ता खराब होने से स्कूल पहुंचने में परेशानी होती थी। सीढि़यां न होने से हमेशा गिरने का डर रहता था, लेकिन अब पक्का रास्ता और सीढि़यां बनने से बड़ी सुविधा मिल रही है। माध्यमिक स्कूल बाघाघाट के मुख्याध्यापक विनोद डेंगटा ने मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विक्रमजीत सिंह साहनी और ताज ठियोग का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से छात्रों को पढ़ाई के लिए अच्छा वातावरण मिलेगा।