पंचायत समिति और जिला परिषद की मतगणना को लेकर चुनाव कर्मियों को प्रशिक्षण देते एसडीएम कल्पा डॉ. अव
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना को लेकर बुधवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय रिकांगपिओ में तैनात कर्मचारियों को पूर्वाभ्यास करवाया गया। एसडीएम कल्पा डॉ. अवनींद्र कुमार ने कहा कि 22 जनवरी को मतगणना प्रात: 8:30 बजे आरंभ होगी। मतगणना को पूरा करने के लिए 8 टेबल स्थापित किए गए हैं, जहां पर पहले पंचायत समिति के मतों की गणना की जाएगी। पंचायत समिति की मतगणना पूर्ण होने के बाद जिला परिषद के मतों की गणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्यों में तैनात सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रात: 8 बजे से पूर्व मतगणना केंद्र में प्रवेश करेंगे। मतगणना टेबल पर तैनात होने वाले कर्मचारियों की तैनाती भी प्रात: 8 बजे ही रैंडम आधार पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना के दौरान मतगणना केंद्र में केवल 3 प्रकार के व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। इनमें उम्मीदवार स्वयं, उसका इलेक्शन एजेंट या उसकी ओर से अधिकृत मतगणना एजेंट ही शामिल हो सकेंगे। इस प्रकार एक टेबल पर केवल एक ही व्यक्ति शामिल हो पाएगा। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति सदस्यों की गणना 11 राउंड में पूरी कर ली जाएगी। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कल्पा ज्ञान प्यारी, तहसीलदार कल्पा विवेक नेगी, तहसीलदार सांगला जयचंद और नायब तहसीलदार गोपाल कृष्ण मुखिया मौजूद रहे।