मंत्री जगत सिंह नेगी ने करोड़ों रुपये की योजनाओं के लोकार्पण किए
डॉ. भीमराव आंबेडकर जिला पुस्तकालय भी किया जनता को समर्पित
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में लोगों को अब पार्क और पार्किंग की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी। वहीं, जिले के युवाओं को पुस्तकालय भी मिला है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में करोड़ों रुपये की योजनाओं के लोकार्पण किए। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क व पार्किग स्थल का उद्घाटन किया। इसके अलावा मंत्री ने रिकांगपिओ में 40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय जिला पुस्तकालय और दो करोड़ रुपये की लागत से बने पुलिस आवास भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने रिकांगपिओ शहरी क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का आश्वासन दिया, ताकि लोगों को यहां हर सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही लंबित पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, एसडीएम अमित कलथाईक, एपीएमसी शिमला-किन्नौर निदेशक उमेश नेगी, पंचायत समिति की अध्यक्ष, ललिता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष, कुमारी सरोज नेगी, प्रताप नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।