सेल्समैन का पद रिक्त होने से प्रभावित हुई व्यवस्था, अब टिक्करी डिपो से मिलेगा राशन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल चौपाल की किरण पंचायत में थंगाड़ स्थित सरकारी राशन डिपो में तीन महीनों से राशन वितरण नहीं हुआ है। राशन न मिलने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां तक कि दिवाली के त्योहार पर भी पात्र परिवारों को सरकारी राशन नहीं मिल पाया, जिससे ग्रामीणों में विभाग और संबंधित सोसायटी के प्रति रोष है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर किरण पंचायत के उपप्रधान चुनीलाल शर्मा और कांग्रेस नेता जीत राम पंवार के नेतृत्व में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम को समस्या से अवगत करवाते हुए जल्द राशन वितरण शुरू करवाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने सवाल किया कि बुनियादी सुविधा होने के बावजूद लोगों को तीन महीने तक राशन के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है। उन्होंने राशन वितरण में देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की। खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर आतिश ठाकुर ने बताया कि थंगाड़ डिपो के सेल्समैन की बैंक में नौकरी लगने के कारण पद रिक्त हो गया है। डिपो का संचालन करने वाली द किरण सीएमपी सोसायटी को नए सेल्समैन की नियुक्ति करनी थी, लेकिन अभी तक नियुक्ति नहीं हो पाई है। इसके चलते विभाग ने फिलहाल थंगाड़ डिपो को टिककरी डिपो के साथ अटैच कर दिया है। उन्होंने बताया कि थंगाड़ डिपो के राशन कार्डों को आरसीएमएस पोर्टल के माध्यम से टिक्करी डिपो के साथ पंजीकृत किया जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरा होने में करीब 15 दिन का समय लगेगा। वहीं, एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को संबंधित विभाग के माध्यम से जल्द राशन वितरण शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें सरकारी राशन मिलना शुरू हो जाएगा।