नेरवा (रोहडू) पिछले कई सालों से नेरवा के समीप शिकयार में चल रही खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की सरकारी दुकान रातोंरात बिना सूचना दूसरी जगह बदल दी। करीब दस पंचायतों के राशन कार्ड धारकों और आम लोगों में इसको लेकर नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि दुकान को बिना किसी सूचना के रातों रात बदल दिया गया। लोगों का कहना है कि दुकान बदलने के मिले आदेश में नई दुकान को शिकयार में ही दर्शाया गया जबकि हकीकत में अब दुकान शिकयार से डेढ़ किलोमीटर दूर नेरवा के न्यू बस अड्डे के पास खोली गई है। इसके चलते राशन लेने पहुंचे लोग दुकान को बंद देख इधर-उधर भटकते रहे। विभाग ने बंद दुकान के बाहर एक सूचना तक नहीं लगाई थी। इस दुकान में पंद्रह हजार के करीब राशन कार्ड धारक पंजीकृत हैं। बीडीसी सदस्य केशव राम ने कहा कि शिकयार में दुकान के बाहर उचित एवं खुला स्थान था। लॉकडाउन के दौरान यहां पर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बना कर सामान लेने मे दिक्कत नहीं हुई। नए स्थान पर तंग जगह में कई प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। पंचायत प्रतिनिधियों एवं दुकान के तहत पंजीकृत उपभोक्ताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि एक हफ्ते के अंदर दुकान को दोबारा शिकयार नहीं बदला गया तो वे चक्का जाम कर विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे।