रामपुर बुशहर। रामपुर पब्लिक स्कूल नोगली ने सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा की भावना को साकार करते हुए नित्थर निवासी तेजराम की सहायता के लिए मदद के हाथ आगे बढ़ाए हैं। नित्थर के तेजराम गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उनके जीवन रक्षक ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण उनके परिवार के लिए उपचार का खर्च वहन करना अत्यंत कठिन हो गया है। इस कठिन समय में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से सहयोग करते हुए 10,560 की राशि एकत्रित की, जिसे तेजराम के परिवार को उनके उपचार और ऑपरेशन के लिए सौंपा गया। स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. बीआर सक्सेना ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, करुणा और सामाजिक सेवा की भावना का विकास करना भी है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया है कि छोटी-छोटी मदद भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।