रामपुर बुशहर। रामपुर परियोजना में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एक दिन एक घंटा एक साथ श्रमदान अभियान चलाया गया। चिह्नित सीटीयू स्थल पर आयोजित सामूहिक स्वच्छता अभियान का नेतृत्व रामपुर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने किया। अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दत्तनगर कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने भी भाग लिया। प्रतिभागियों ने सामूहिक श्रमदान कर सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि एक दिन एक घंटा एक साथ केवल स्वच्छता अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने की पहल है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर स्वच्छता के प्रति सजग और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अभियान की अवधि तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक दायित्व बनाया जाना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास जब सामूहिक रूप से किए जाते हैं, तो उनका प्रभाव व्यापक होता है। उन्होंने श्रमदान में भाग लेने के लिए दत्तनगर कॉलोनी वेलफेयर सोसायटी और सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।