स्वच्छता पखवाड़े के तहत ब्रौ में जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छता बारे किया जागरूक। स्रोत : परियो
रामपुर परियोजना ने स्वच्छता पखवाड़े के तहत निकाली जागरूकता रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की अलख जगाने को लेकर सोमवार को ब्रौ पंचायत में स्वच्छता अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में स्कूली बच्चों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार एसजेवीएन की रामपुर परियोजना की ओर से 16 मई से 31 मई तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को रामपुर एचपीएस ने स्वच्छता रैली का आयोजन किया। इस रैली में राजकीय माध्यमिक पाठशाला और राजकीय प्राथमिक पाठशाला ब्रौ के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों के माध्यम से जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और साफ-सुथरे पर्यावरण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना है। इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए सार्वजनिक स्थलों एवं परियोजना प्रभावित पंचायतों के गांवों में हेल्प एज इंडिया की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वच्छता संबंधी पोस्टर लगाए गए। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।