रामपुर-नित्थर सडक़ ढरोपा पुल के पास बड़े वाहनों के लिए नहीं हो पाई बहाल। संवाद
पांच पंचायतों के हजारों ग्रामीण आवाजाही करने में झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)। रामपुर-नित्थर सड़क एक महीने बाद भी बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाई है। सड़क पर ढरोपा बेली ब्रिज के साथ डंगा गिरा है। डंगे की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग काेई कार्रवाई नहीं कर रहा है। मोरला के साथ भी बड़े वाहनों के लिए जगह तंग है। ऐसे में उप तहसील की पांच पंचायतों के ग्रामीण आवाजाही करने में परेशानी झेलने को मजबूर हैं। इस सड़क से देहरा, नित्थर, लोट, दुराह और शिल्ली पंचायत के हजारों ग्रामीण लाभान्वित होते हैं। इस सड़क से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद होने से ग्रामीणोंं सहित स्कूली बच्चों, अस्पताल और कार्यालयों जाने वाले लोगों को रोजाना दिक्कतें पेश आ रही हैं। स्थानीय ग्रामीण मनजीत ठाकुर, धर्मपाल, अजय कुमार, देविंदर कुमार, शीशपाल और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण बसें नहीं चल रही हैं। इससे स्कूल, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और रामपुर अस्पताल में उपचार के लिए जाने वाले ग्रामीण परेशान हैं। अधिक किराया देकर टैक्सी कर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। क्षेत्र की सभी संपर्क सड़कें भी खुल गई हैं, लेकिन मुख्य सड़क पर बड़े वाहन न चलने से परेशानी एक महीने पहले जैसी बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मुख्य सड़क को जल्द बड़े वाहनों के लिए बहाल करने की मांग उठाई है। उन्होंने चेताया है कि यदि सड़क जल्द बहाल नहीं होती है, तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उधर, लोक निर्माण विभाग ब्रौ के सहायक अभियंता चंदर कश्मीरी ने बताया कि सोमवार शाम तक ढरोपा में सड़क बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दी जाएगी। नित्थर स्थित विभाग के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु कटोच ने बताया कि मोरला में डंगे का निर्माण अंतिम चरण में चल रहा है। सड़क पर जल्द ही बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।