रामपुर-नित्थर सडक़ पर जलभराव से बढ़ी लोगों की दुश्वारियां। संवाद
. कई वर्ष बाद भी जलभराव की समस्या से निजात नहीं दिला पाया विभाग
. हर वर्ष सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरे भरा बन जाता है सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
उपतहसील नित्थर की गड़ेज पंचायत के भूतेश्वर महादेव ढरोपा मंदिर के पास सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। नाथपा- झाकड़ी बांध से मंगलवार सुबह 9:00 बजे के करीब पानी छोड़ा गया, जो दोपहर करीब 12 बजे दत्तनगर के पास पहुंचा। ऐसे में ढरोपा के साथ जलभराव हो गया है। जलभराव के कारण इस सड़क पर छोटे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है और यहां लोग खतरों के साये में गुजरने को मजबूर हैं। रामपुर-कोयल-नित्थर सड़क पर दत्तनगर के सामने हर वर्ष बरसात में जलभराव की समस्या हो जाती है। हजारों लोगों को लाभान्वित करने वाली सड़क पूरी तरह से सतलुज नदी के पानी से भर जाती है और यातायात प्रभावित हो जाता है। मंगलवार को भी सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण ढरोपा के साथ सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। सतलुज नदी का पानी सड़क पर भर गया है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा दीवार लगाई। करीब 7 फीट के करीब ऊंची दीवार के कारण जलभराव कम तो हुआ, लेकिन सतलुज नदी में बढ़े जलस्तर से समस्या बढ़ गई है। पूर्व प्रधान गढ़ेज दारा सिंह कायथ और स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी इस सड़क पर सफर करना सुरक्षित नहीं है। जलस्तर बढ़ने की समस्या से निजात दिलाने के लिए यहां ऊंची दीवार लगना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए जल्द पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है ताकि ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी न हो। मंगलवार को दिन भर लोगों को खतरों के साये में सड़क पार करनी पड़ी।