डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर बुशहर की नोग वैली में शराब माफिया लंबे समय से सक्रिय हैं। इसको लेकर अब डंसा पंचायत की महिला संगठनों ने अवैध रूप से शराब की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
बीते सोमवार की शाम को डंसा गांव में नेपाली मूल के शख्स को कुछ महिलाओं ने शराब की एक पेटी के साथ पकड़ा था। इस शराब को किराना की दुकान के मालिक के सुपुर्द किया जाना था। महिलाओं का कहना है कि जिस किराना मालिक को शराब की पेटी ले जाई जा रही थी, उसने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कही है। ऐसा ही एक मामला कराली गांव में भी पेश आया। यहां एक महिला दुकान के बाहर शराब की बोतल के साथ खड़ी नजर आ रही थी।
मामले का संज्ञान ग्राम पंचायत ने लिया। डंसा वार्ड पंच शांता नेगी महिला मंडल अध्यक्षा राम कली और सचिव निर्मला धीमान ने बताया कि शराब तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके। नशाबंदी के खिलाफ पंचायत स्तर पर बीते दो साल से ग्राम स्तर पर लोगों को जागरूक करवाने का जिम्मा जनप्रतिनिधियों ने महिला संगठनों के साथ जोरशोर से उठाया है।
इसके लिए बाकायदा नशा निवारण समिति का गठन भी किया गया है, जो प्रशासन और पुलिस महकमे के साथ तालमेल बनाए रखेगी।वहीं, नशा निवारण समिति अध्यक्ष जीएल डमालू ने बताया कि शराब माफिया और चरस माफिया के साथ सख्ती से निपटने के लिए पुलिस का छापा गांव में डाला जाएगा, जिससे शराब माफिया पर शिकंजा कसा जा सके। डीएसपी रामपुर शिवानी महला ने बताया कि अगर इस तरह का मामला है, तो पुलिस स्तर पर जांच की जाएगी और अवैध शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।