जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आयोजित किया शारीरिक जागरुकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर एट रिकांगपिओ ने रामपुर के दत्तनगर में एक दिवसीय जागरुकता शिविर आयोजित किया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं एसीजेएम जितेंद्र कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने शिविर में आई महिलाओं को कानूनी अधिकारों सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों से अवगत कराया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दत्तनगर में महिलाओं के लिए जागरुकता शिविर का आयोजन किया। रिसोर्स पर्सन डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा और सीडीपीओ रामपुर शशि ठाकुर ने महिलाओं को संबंधित विभिन्न कानूनों और योजनाओं के बारे में जागरूक किया। महिलाओं को एनएएलएसए की विभिन्न योजनाओं, यौन उत्पीड़न, अन्य अपराधों के पीड़ितों/आश्रितों के लिए एनएएलएसए मुआवजा योजना 2018, घरेलू हिंसा अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के उत्पीड़न के बारे में जागरूक किया। एमवी अधिनियम, हिट एंड रन में संशोधन और कानूनी सहायता योजनाओं, मुफ्त कानूनी सहायता आदि के बारे में जागरुकता से भी अवगत कराया गया। प्रतिभागियों को एनएएलएसए हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जागरूक किया। एनएएलएसए मोबाइल ऐप, मध्यस्थता, एडीआर तंत्र और राष्ट्रीय लोक अदालत की विशेषताओं के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्र से आईं दर्जनों महिलाओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई।