जलोड़ीजोत में सीजन का पहला हिमपात। संवाद
शीतलर की चपेट में आया पूरा क्षेत्र, निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। जिला कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जलोड़ी जोत में सीजन का पहला हिमपात रिकॉर्ड किया गया है। मौसम के बदले इस मिजाज के बाद पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। रविवार सुबह से बिगड़े मौसम के मिजाज के बाद जलोड़ी दर्रे में पांच सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इससे आनी और निरमंड क्षेत्र का कभी भी जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट सकता है। हालांकि हल्की बर्फबारी के बीच वाहनों की आवाजाही लगातार चलती रही। बीते शाम से जलोड़ी जोत पर रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। खनाग निवासी अशोक राणा, विशन सिंह, दीवान ठाकुर और भीम सिंह राणा ने बताया कि जलोड़ी जोत पर ताजा हिमपात होने से क्षेत्र गुलजार हो गया है। यहां से आवाजाही कर रहे पर्यटकों ने जलोड़ी जोत पर हो रही बर्फबारी का लुत्फ उठाया और इन यादगार पलों को तस्वीरों में कैद भी किया। उन्होंने कहा कि अब सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में बर्फबारी से एनएच-305 कभी भी बंद हो सकता है। आउटर सराज क्षेत्र की आनी की जनता कुल्लू के बंजार की ओर कई किलोमीटर तक पैदल आवाजाही करती है। कई बार बाहर से आए पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में यहां रेस्क्यू टीम की तैनाती की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में कई बार यहां पर्यटक फंस चुके हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया है।