दलाश क्षेत्र की नौ पंचायतों में गहराया पेयजल संकट, जलशक्ति विभाग ने लोगों को दी पानी का दुरुपयोग करने की सलाह
लोगों से मांगा सहयोग, उठाऊ पेयजल योजनाओं से भी की जा रही आपूर्ति
आशीष शर्मा
दलाश (कुल्लू)। गर्मियों की दस्तक के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है। इसकी वजह पेयजल स्रोतों में पानी का स्तर घटना भी है। ग्रामीण क्षेत्रों में मई माह में ही पेयजल स्रोतों में करीब 50 फीसदी पानी घट गया है। इससे लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। जलशक्ति विभाग दलाश सबडिवीजन के तहत दलाश क्षेत्र की करीब नौ पंचायतें आती हैं। उपमंडल में हजारों पेयजल उपभोक्ता हैं, लेकिन लगातार बढ़ रही गर्मी से सूखे की स्थिति पैदा हो गई है। बारिश न होने के कारण पानी के स्रोत भी सूखने के कगार पर पहुंच गए हैं। दलाश उपमंडल का प्रमुख पेयजल स्रोत कंडी नाला है। यहां गर्मियों के दस्तक देते ही करीब 50 फीसदी पानी कम हो गया है। इससे आने वाले दिनों में सूबे में जल संकट की स्थिति पैदा हो सकती है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग उठाई कि समय रहते समस्या का समाधान किया जाए। दलाश सबडिवीजन के एसडीओ डीडी ठाकुर ने बताया कि पानी के स्रोतों में 50 प्रतिशत की कमी आ गई है। क्षेत्र की जनता को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए विभाग काम कर रहा है। इसके साथ ही उठाऊ पेयजल योजनाओं से भी पानी की आपूर्ति ली जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि पानी का दुरुपयोग न करें और जब तक सोर्स पर पानी न बढ़ जाए, तब तक विभाग का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि स्रोतों में आई कमी के कारण अब लोगों को पानी की सप्लाई चार से पांच दिन के बाद दी जाएगी, जिससे सभी को पानी मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता को पानी की कमी न आए, इसके लिए विभाग का फील्ड स्टाफ खूब मेहनत कर रहा है।