रामपुर बुशहर। देशभर में भारी बारिश से सब्जियों की पैदावार पर विपरीत असर पड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने से महंगाई आसमान छू रही है। हालत यह है कि टमाटर 180 रुपये प्रति किलो बिक रहा है तो वहीं फूलगोभी 120 रुपये किलो बिक रही है। सब्जियों के दाम लगातार बढ़ने से य आम आदमी की थाली से गायब होती जा रही है। हालत यह है कि सब्जियों के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया है।
उपमंडल में मौसम कहर बरपा रहा है तो वहीं महंगाई से लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। पिछले दो माह में थोक मंडी में फलों और सब्जियों के दामों में दिन रात का अंतर दिखने को मिल रहा है। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते करेला, लौकी, पपीता, आलू, आम, अनार, खीरा, बीन, भिंडी, पत्तागोभी और कदू के दाम दो गुना तक बढ़ गए हैं। इससे आम लोगों ने अब टमाटर खरीदना ही बंद कर दिया है।
कारोबारियों का कहना है कि सब्जियों की कीमतों में हो रहे उछाल से सब्जियां दुकानों में ही खराब हो रही हैं। भारी बारिश के चलते क्षेत्र की कई सड़कें बंद हैं। इस कारण मंडी में उन्हें सब्जियां महंगे दाम पर मिल रही है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश जारी रही तो सब्जियों पर महंगाई और मार पड़ सकती है।
टमाटर 180 रुपये प्रतिकिलो
शिमला मिर्च 120
बीन 100 रुपये
फूलगोभी 120 रुपये प्रतिकिलो
भिंडी 80 रुपये
मटर 80 रुपये प्रतिकिलो
करेला 60 रुपये प्रति किलो
कदू 40 रुपये प्रतिकिलो
बंदगोभी 40 प्रतिकिलो
आलू 30 रुपये प्रतिकिलो