रामपुर बुशहर। जिला स्तरीय फाग मेले के तीसरे दिन आयोजित महानाटी के फेर में हजारों वाहन फंस रहे। इस दौरान खोपड़ी से चूहाबाग तक कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। इस वजह से जिला किन्नौर समेत हजारों लोग करीब साढ़े पांच घंटे तक जाम में फंसे रहे।
हालत यह थी कि दोपहर से शाम 6:00 बजे तक लोग ट्रैफिक जाम से जूझते दिखे। इस दौरान पुलिस प्रशासन यातायात को बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास करता रहा लेकिन कई किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम के आगे बेबस नजर आए। वहीं प्रशासन का ट्रैफिक प्लान भी पूर तरह से ध्वस्त हो गया।
जिला स्तरीय फाग मेले के अवसर पर आयोजित महानाटी के कारण दोपहर 1:00 बजे नेशनल हाईवे पांच, रामपुर रचोली और साथ लगते जगातखाना क्षेत्र में जाम लगना शुरू हो गया। इससे सबसे अधिक समस्या नेशनल हाईवे पांच पर पेश आई। यहां खोपड़ी से चूहाबाग करीब चार किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। ऐसे में रामपुर और साथ लगते आउटर सराज क्षेत्र की दर्जनों बसें भी जाम में फंसी रहीं।
इससे सैकड़ों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही किन्नौर से शिमला की ओर जा रही बसों को भी घंटों जाम से जूझना पड़ा। इस जाम में परिवहन निगम सहित अन्य करीब 40 बसें फंस गईं, जबकि हजारों छोटे वाहनों के पहिये थम गए।
इस वजह से दरबार परिसर में महानाटी के आयोजन के दौरान बढ़ी लोगों की भीड़ को गेट पर ही रोकना पड़ा। इससे मुख्य शहर में सजे मेले में जाम की समस्या से निपटने के सभी इंतजाम धरे के धरे रह गए। हालत यह थी शाम 6:00 बजे भी रामपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोग जाम में फंसे रहे।
रामपुर में बनाए जाए बाईपास
स्थानीय निवासी गुलजारी लाल, सुमित, ओम प्रकाश, दुर्गा सिंह, मोहर सिंह, रोशन लाल और गीता देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि रामपुर में वर्षों से बाईपास के निर्माण की मांग उठ रही है, लेकिन यह मांग केवल घोषणाओं तक ही सिमट कर रह गई है। अगर शहर में बाईपास की सुविधा होती तो लोगों को घंटों जाम में फंसकर परेशानियां न झेलनी पड़ती।