आईटीबीपी 17वीं वाहिनी 22 जनवरी तक महिलाओं को करेगी प्रशिक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा (लाहौल स्पीति)। महिला संरक्षण एवं उत्थान के लिए सरकार के साथ-साथ विभिन्न संस्थाएं और संगठन विभिन्न कार्यक्रम चला रहे हैं। इसी कड़ी में जनजातीय क्षेत्र स्पीति के लालूंग खास में महिलाओं को कढ़ाई और बुनाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईटीबीपी की 17वीं वाहिनी इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 22 जनवरी तक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। किन्नौर स्थित 17वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत महिलाओं को कढ़ाई बुनाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 18 से 22 जनवरी तक चलेगा। 17वीं वाहिनी के सेनानी बसंत कुमार नोगल के निर्देशन में वाइब्रेंट विलेज लालूंग खास में कढ़ाई और बुनाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत लालूंग खास की 15 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पूर्व भी आईटीबीपी नेसंग और चांरग गांव में युवाओं को व्यावसायिक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर चुका है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा लगातार सीमाओं से सटे गांव व क्षेत्रों में विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे यहां के युवा और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सके।