संघर्ष समिति ठियोग ने कहा, स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद भी कई पद खाली, लोग झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग सिविल अस्पताल में स्टाफ की कमी को लेकर प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग के मंत्री धनीराम शांडिल को कई बार सूचित करने के बाद भी कई पद खाली पड़े हैं। इस वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघर्ष समिति ठियोग के पदाधिकारियों ने मंगलवार को ठियोग में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य निदेशक ने आश्वासन दिया था कि जल्द ठियोग अस्पताल में खाली पड़े चिकित्सकों और अन्य स्टाफ के पदों को भरा जाएगा, लेकिन अभी तक इन पदों को नहीं भरा गया है। संघर्ष समिति की अध्यक्ष पूजा कंवर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से चलाए जा रहे घरद्वार कार्यक्रम के दौरान ठियोग के सिविल अस्पताल परिसर में 28 जनवरी को आयोजित बैठक में स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, विधायक कुलदीप सिंह राठौर,स्वास्थ्य निदेशक गोपाल बैरी और अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा भी उपस्थित थे। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में डाक्टरों और नर्सों के रिक्त पदों को जल्द भरने का आश्वासन दिया था लेकिन स्वास्थ्य मंत्री ने अभी तक इस मांग को पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि ठियोग अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से लोगों को शिमला जाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि जल्द स्टाफ के खाली पदों को भरा जाए।