चार साल पहले पत्नी ने छोड़ा साथ, अब तीर्थ यात्रा के दौरान आग लगने से घर जलकर हो गया राख
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उपमंडल की भराना पंचायत के गडली गांव के जोगिंद्र शर्मा पर लगातार दुखों का पहाड़ टूट रहा है। चार साल पहले पत्नी ने साथ छोड़ा और अब जब उनकी चतुर्थ वार्षिकी के बाद तीर्थ यात्रा पर निकले तो घर में आग लग गई। मजबूरी में अब जोगिंद्र शर्मा गोशाला में रहने को मजबूर हैं। गौर हो कि 26 जनवरी की सुबह जब उनकी बेटी और नाती घर में आग सेंक रहे थे तो किसी कारणवश घर के पीछे सूखी घास में भड़क गई। इससे पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों को सूचित किया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक आग ने सबकुछ राख कर दिया। एक कमरा जिसके ऊपर लेंटर पड़ा था, वह सुरक्षित लग रहा था, लेकिन उसमें दरारें पड़ गई। एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा ने मौके का जायजा लिया और प्रभावित को 10,000 रुपये की राहत राशि और तिरपाल आवंटित किया। वहीं, आग लगने की सूचना जोगिंद्र शर्मा को नही दी गई, जिससे वह अपनी यात्रा अधूरी न रखे। जब वह घर वापिस आए तो उनके होश फाख्ता हो गए। जिंदगी भर की कमाई और बैंक से लिए लोन से बना उनका आशियाना उजड़ गया। हालत यह है कि जो कमरा सुरक्षित लग रहा था, उसमें आईं दरारों से बर्फ और और बारिश का पानी रिस रहा है। इस वजह से जोगिंद्र शर्मा और उनका परिवार गोशाला में रहने को मजबूर हैं। वहीं वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने भी मौके का जायजा लिया और मकान के लिए लकड़ी सहित 30,000 रुपये की फौरी राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने सरकार की तरफ से हर संभव मदद का भी भरोसा दिया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजेंद्र वर्मा, भराना प्रधान मीना शर्मा, धर्मपुर की प्रधान बनीता वर्मा मौजूद रहीं। उन्होंने प्रभावित जोगिंद्र शर्मा को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।