पानी की आपूर्ति हो रही प्रभावित, लोगों ने बिजली बोर्ड से समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के अधिकांश वार्डों में हर रोज बिजली कट की समस्या से लोग परेशान हैं। सुबह के समय बार-बार कट लगने से स्कूली बच्चों और कर्मचारियों को कार्यालय में जाने में देरी हो रही है। वहीं बोर्ड को कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ठियोग नगर परिषद के वार्ड नंबर चार की सुशीला शर्मा, अनिता वर्मा, आशा, राघव जोशी, कमल वर्मा लायक राम, ऋषभ गुप्ता और व्यापार मंडल ठियोग के महासचिव गौरव जोशी ने बताया कि रोजाना बिजली के अघोषित कट से परेशान हैं। इस समस्या को लेकर बिजली बोर्ड को कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सुबह दुकानों के खोलने का समय होता है और बिजली चली जाती है और विभाग कोई न कोई दलील देता है लेकिन कोई स्थायी हल नहीं निकाल पा रहा है। 66 केवी विद्युत बोर्ड सैंज के अधिकारी पुनीत कश्यप ने बताया कि 66 केवी लाइन में मरम्मत के चलते बिजली कट लगाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का समाधान निकाला जाएगा। बिजली बोर्ड के एसडीओ शशिकांत ने बताया कि पानी की सप्लाई के लिए अधिकतर लोग मोटरों को चला रहे हैं इसके कारण लोड बढ़ रहा है, इसलिए बार-बार कट लगाना पड़ रहा है।