संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। राजकीय महाविद्यालय ठियोग में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्राचार्य डॉ. ललिता चंदन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरूआत में स्नातक तृतीय वर्ष की दीपिका और कृतिका ने आजाद है, रहना है मुझे गाना गाकर नारी के उन्मुक्त विचारों को अपनी सुरमई आवाज में प्रस्तुत किया। स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा मुस्कान ने स्त्री विमर्श से संबंधित मार्मिक कविता प्रस्तुत कर सबको भावविभोर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, एकांकी और गीति नाट्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के विविध रूपों में नारी की अतीत से लेकर वर्तमान अवस्था तक को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. निधि डटवालिया ने किया। मंच संचालन प्रथम वर्ष के विद्यार्थी शुभम और पायल ने किया।