फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: तकलेच में विक्रमादित्य सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, 67 का किया निपटारा

विज्ञापन
विज्ञापन
विक्रमादित्य सिंह ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत तकलेच में सुनीं जनसमस्याएं
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तकलेच में जनसमस्याएं सुनीं और उनका निवारण किया। इस दौरान 67 शिकायतें प्राप्त हुई थी, जिनमें से अधिकतर का उन्होंने मौके पर निपटारा किया जबकि शेष को संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का लक्ष्य वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकासात्मक कार्यों का लेखा लेकर लोगों के बीच प्रस्तुत करना और लोगों की समस्याओं का समय पर निपटारा करना है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 121 करोड़ रुपये के सड़क उन्नयनीकरण के कार्य रामपुर, ननखड़ी और 15/20 में करवाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विधायक प्राथमिकता के तहत 64 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य करवाए जा रहे हैं, जिसमें से 33 करोड़ रुपये के कार्य शुरू हो चुके हैं और 30 करोड़ रुपये के कार्य पाइपलाइन में हैं। इन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की समस्याओं को प्रदेश सरकार के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर रखेंगे, जिससे इलाके का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। तकलेच ग्राम पंचायत में 14 करोड़ रुपये से सीवरेज कार्य शुरू हो चुका है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा। भारी बरसात के कारण पिछले वर्ष जिला शिमला में सबसे अधिक नुकसान रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने इस दौरान क्षेत्र का दौरा किया, जिससे लोगों को यह विश्वास रहे कि सरकार उनके साथ बुरे समय में भी खड़ी है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आपदा में हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से केवल एनडीआरएफ के तहत 333 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है जबकि 15,000 करोड़ रुपये मांगे गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 4,500 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज प्रभावित लोगों के लिए जारी किया। इसके अतिरिक्त, आपदा राहत मैन्युअल में भी संशोधन किया गया है। इसके तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों को अभी 7 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। सेब सीजन के दौरान समय पर सभी सड़कों को खोला गया, जिससे सेब मंडियों तक पहुंचे और किसी भी किसान और बागवान का नुकसान न हो। इस मौके पर विधायक रामपुर नंदलाल ने कहा कि तकलेच आसपास की करीब 10 पंचायतों का केंद्र बिंदु है, इसलिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन यहां करवाया गया है। क्षेत्र में आपदा के दौरान भारी नुकसान हुआ था लेकिन लोगों ने एक दूसरे का सहयोग किया और प्रशासन ने भी प्रभावित लोगों की सहायता की। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने उस दौरान क्षेत्र का दौरा कर लोगों की मुश्किलों को जाना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें