एनसीसी अकादमी नागपुर कामठी से 45 दिनों का प्रशिक्षण किया पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कशोली के शिक्षक रामकृष्ण गौतम सहायक एनसीसी अधिकारी बने हैं। गौतम ने एनसीसी ऑफिस ट्रेनिंग अकादमी कामठी नागपुर से 45 दिनों के प्रशिक्षण को पूरा किया है। यह एचपी बटालियन एनसीसी रामपुर बुशहर से जुड़े शिक्षक हैं। 22 मई को कामठी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद वह एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर बन गए हैं। गौर हो कि स्कूलों और कॉलेज में एनसीसी गतिविधियों को संचालित करने में एनसीसी अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में एनसीसी गतिविधियों को संचालित करने वाले विभिन्न मानकों पर खरे उतरने वाले शिक्षक को एनसीसी अधिकारी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाता है। एनसीसी ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी कामठी नागपुर में आठ अप्रैल से 22 मई तक आयोजित प्रशिक्षण में देशभर के 517 प्रशिक्षु शामिल हुए थे। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य और स्टाफ ने रामकृष्ण गौतम का जोरदार स्वागत किया। प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता ने कहा कि रामकृष्ण गौतम मेहनती और कर्मठ अध्यापक हैं। इसी कारण वह अपना कठिन प्रशिक्षण प्राप्त कर पाए हैं। आने वाले समय में विद्यालय को एनसीसी अधिकारी मिलने से विद्यार्थियों को बहुत लाभ मिलेगा।